
पटना, 13 मार्च (अविनाश कुमार) में शुक्रवार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) की कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पंकज कुमार के ठिकानों पर छापेमारी होते ही उन्होंने अपने घर की खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंकने शुरू कर दिए। टीम ने कचरे के ढेर से करीब 5 लाख रुपये बरामद किए, जबकि अब तक कुल 15 लाख रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं।

पंकज कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर के कांटी इलाके के निवासी हैं और बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) में डीजीएम (प्रोजेक्ट) के पद पर तैनात हैं। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद SVU ने गुरुवार सुबह से ही उनके पटना स्थित ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की।टीम ने पटना के कदमकुंआ स्थित कनिका मैहर अपार्टमेंट में छापा मारा, जहां उस समय पंकज कुमार अपने परिवार के साथ मौजूद थे।

अधिकारियों के मुताबिक जैसे ही छापेमारी शुरू हुई, उन्होंने घबराकर खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंक दिए।SVU के अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी अभी जारी है और आगे और भी नकदी या दस्तावेज बरामद होने की संभावना है। मामले की जांच तेज कर दी गई है।

