समस्तीपुर(अशोक “अश्क”) मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा में महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट के आरोपी ने पुलिस टीम के सामने ही बड़ा दुस्साहसिक कदम उठाया। जानकारी के अनुसार, एक युवक पर स्थानीय महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगा। घटना के बाद क्षेत्र की अन्य महिलाओं ने आरोपी को पकड़ लिया और डायल 112 को सूचना दी।

मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर सदर अस्पताल समस्तीपुर मेडिकल जांच के लिए लेकर आई। इसी दौरान आरोपी ने अचानक सिपाही की राइफल छीन ली और डायल 112 के एसआई की पिस्टल भी छीनने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों की सतर्कता से स्थिति को नियंत्रित किया गया और आरोपी को दोबारा काबू में लिया गया।
इस घटना से अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और हथियार छीनने की कोशिश के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी भी जांच में जुट गए हैं।

