
बक्सर, 26 जनवरी (विक्रांत) बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर खाद्य नवाचार की बड़ी पहल सामने आई। कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह के नेतृत्व में खाद्य विज्ञान एवं फसलोपरांत प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विकसित बीएयू मिलेट वेजी नूडल्स बॉक्स का औपचारिक प्रचार एवं शुभारंभ किया गया।

इस दौरान विशेषज्ञों और मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उत्पाद का संवेदी मूल्यांकन भी किया गया।कार्यक्रम में “न्यूट्री मिलेट वेजी टिफिन बॉक्स” का भी लोकार्पण किया गया, जिसमें मिलेट नूडल्स, निर्जलित सब्जियों का मिश्रण, मसाला पैकेट और कटलरी शामिल है। यह टिफिन बच्चों, विद्यार्थियों और कार्यरत वर्ग के लिए एक संपूर्ण व संतुलित आहार विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया। पैनल ने स्वाद, सुगंध, बनावट और गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे विद्यालय स्तर तक पहुंचाने की सिफारिश की।बीएयू मिलेट नूडल्स में 60 प्रतिशत मिलेट, लगभग 11 प्रतिशत प्रोटीन, 9 प्रतिशत आहार फाइबर तथा शून्य कोलेस्ट्रॉल है।

इनमें किसी भी प्रकार के कृत्रिम रंग, संरक्षक या एडिटिव का प्रयोग नहीं किया गया है। वैज्ञानिकों ने बताया कि ये नूडल्स बेक्ड विधि से तैयार किए गए हैं, जिससे ये सामान्य नूडल्स की तुलना में अधिक स्वास्थ्यवर्धक हैं।कुलपति ने इसे पोषण सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संबंधित वैज्ञानिकों को बधाई दी।

