
समस्तीपुर, 04 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) मनरेगा में किए गए बदलाव वापस लेने, खाद की कालाबाजारी पर रोक, धान खरीद की गारंटी, भूमिहीनों को वास भूमि और आवास जैसी मांगों को लेकर वामदलों ने आंदोलन तेज कर दिया है।

5 जनवरी को ताजपुर प्रखंड मुख्यालय पर आहूत धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को भाकपा माले, भाकपा और माकपा ने ताजपुर जनता मैदान से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत नगर और प्रखंड क्षेत्रों में जनसभाएं और नुक्कड़ बैठकें आयोजित की गईं।

भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सरकारी आदेश के बावजूद किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। आलू, गेहूं, सब्जी जैसी फसलों का पीक सीजन चल रहा है, लेकिन बाजार से यूरिया और डीएपी गायब है। भूमिहीनों की मांगें लगातार अनसुनी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह अन्याय है और इसके खिलाफ संघर्ष जरूरी है। अभियान का नेतृत्व वामदलों के कई नेताओं ने किया।

