नालंदा, 20 नवम्बर (अविनाश पांडेय) नालंदा के प्रभारी जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित दैनिक जनता दरबार में आम लोगों की शिकायतें सुनीं और 13 आवेदकों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने बिजली बिल, भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने तथा मारपीट- कब्जे जैसी गंभीर समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।

एक आवेदक ने बताया कि उसे लगातार अधिक बिजली बिल मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल ग्रामीण, बिहारशरीफ को मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित एक लाभुक के आवेदन पर डीएम ने उप विकास आयुक्त को ज़रूरी कदम उठाने को कहा।
एक अन्य आवेदक ने आरोप लगाया कि उसकी रैयती जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन सड़क बनाई जा रही है। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर मानते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ को तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान करने को कहा। इसी प्रकार जमीन की गलत तरीके से बिक्री से जुड़े विवाद में डीएम ने भूमि सुधार उप समाहर्ता को कार्रवाई के निर्देश दिए।
घर-जमीन पर जबरन कब्जा और मारपीट की शिकायत पर भी डीएम ने सख्त रुख अपनाया और अनुमंडल पदाधिकारी व अंचलाधिकारी, बिहारशरीफ को संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निवारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अन्य आवेदनों पर भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

