समस्तीपुर, 18 दिसम्बर (राजेश झा) सरायरंजन थाना परिसर में बुधवार की शाम पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जब एसपी अरविंद प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनसंवाद सह जनता दरबार का आयोजन किया गया। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गण्यमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।जनसंवाद के दौरान एसपी ने लोगों से पुलिसिंग व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं सुनीं। उपस्थित लोगों ने जाम की समस्या, आपसी वाद-विवाद, अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों के बढ़ते कारोबार की शिकायतें रखी।

इस पर एसपी ने स्पष्ट कहा कि ईमानदार प्रयास और जनसहयोग से ही अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ट्रैफिक व्यवस्था, नशाखोरी और सामाजिक विवादों से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाएगा।एसपी ने कहा कि छोटी-मोटी विवादों को सामाजिक स्तर पर सुलझाने में जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी मकान मालिकों को किराएदारों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को नशीले पदार्थों के कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर इंस्पेक्टर संदीप कुमार, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, जिला अध्यक्ष राजीव कुमार झा उर्फ राजू, प्रमुख संजीव कुमार ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

