गोपालगंज, 03 नवम्बर (निज संवाददाता) बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जिले के तीन लापरवाह कर्मियों पर चुनाव आयोग ने बड़ा एक्शन लिया। चुनाव ड्यूटी से लापरवाही बरतने वाले तीन अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना अनुमति ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित रहने पर तीन मजिस्ट्रेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के आदेश पर एफआईआर की कार्रवाई की गई है। जिन अधिकारियों पर मामला दर्ज हुआ है,उनमें भागीपट्टी समऊर चेकपोस्ट पर तैनात मजिस्ट्रेट धर्मपाल ओझा,

-सिधवलिया क्षेत्र के मजिस्ट्रेट उत्तम कुमार,और गोपालगंज-बेतिया सीमा स्थित मंगलपुर-जादोपुर चेकपोस्ट पर तैनात मजिस्ट्रेट उत्तम कुमार शामिल हैं। तीनों अधिकारी एसएसटी (फ्लाइंग स्टैटिक टीम) के सदस्य थे, जिन्हें चुनाव अवधि में निगरानी और जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जांच के दौरान इनके बिना अनुमति ड्यूटी स्थल से गायब रहने की पुष्टि हुई,जिसके बाद डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने साफ कह दिया है कि चुनाव ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बता दें कि 6 नवंबर को जिले की छह विधानसभा सीटों पर मतदान स्वतंत्र व निष्पक्ष सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल निगरानी की टीमें पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं।

