
बक्सर, 06 फरवरी (विक्रांत) जिले के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की पहचान बन चुकी जीविका अब युवाओं के भविष्य को भी नई दिशा दे रही है। इसी कड़ी में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत प्रखंड कार्यालय चौगाई, बक्सर के समीप खेल मैदान परिसर में रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेले का भव्य आयोजन किया गया, जिसने गांव के युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण जगा दी।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका बक्सर एवं जीविका दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में कुल 14 नामी कंपनियों के स्टॉल लगाए गए, जहां 875 युवाओं ने पंजीकरण कराया। इनमें से 256 युवाओं का प्राथमिक रूप से चयन किया गया, जबकि 210 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कर रोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया।जिला पदाधिकारी ने कहा कि जीविका महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार से जोड़कर जिले के विकास में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने युवाओं से डीडीयू-जीकेवाई के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण और रोजगार का लाभ उठाने की अपील की।

अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव ने इसे युवाओं के लिए एक सशक्त मंच बताते हुए कहा कि यहां प्रशिक्षण, नौकरी और स्वरोजगार से जुड़ी तमाम जानकारियां एक ही स्थान पर मिल रही हैं।जिला परियोजना प्रबंधक जीविका ने बताया कि यह आयोजन आत्मनिर्भर बिहार और सशक्त ग्रामीण समाज की दिशा में एक मजबूत कदम है। मेले में टाटा मोटर्स, पेप्सी, ब्लिंकिट, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, कोका-कोला, एचसीएल, एसआईएस और टीम लीज सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।

