
समस्तीपुर, 24 नवंबर (मोहम्मद जमशेद) शहर के मगरदही वार्ड 34 स्थित क्रांति होटल के पीछे बने जेनरेटर सेवा स्थल से करीब पौने दो लाख रुपये के सामान की चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में 22 नवंबर को मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 463/28 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पीड़ित जेनरेटर संचालक ने बताया कि अज्ञात चोर रात के अंधेरे में उनके शेड के एस्बेस्टस को टेढ़ा कर अंदर घुसे और पंखा, मोटर, मिक्सी, कॉपर-एल्यूमीनियम तार, कुकर, कराही, गैस सिलेंडर, देगची, गमला, मोबिल, रिंच व अन्य उपकरण चोरी कर ले गए।
आवेदक ने बताया कि वह स्व. रवींद्र कुमार की पत्नी मधु कुमारी से 10 धूर जमीन किराये पर लेकर जेनरेटर आपूर्ति व विद्युत उपकरणों की मरम्मत का काम करते हैं। मकान मालिक से चल रहे मुकदमे के कारण वह और उनका स्टाफ सुरक्षा आशंका में रात में वहां नहीं ठहरते। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।

उन्होंने थानाध्यक्ष से मामले की व्यापक जांच, चोरी का भंडाफोड़ और सामान की बरामदगी की मांग की है।

