
पटना, 14 जनवरी (पटना डेस्क) जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत श्रीपुर पंचायत के कालाझरिया गांव में मकर संक्रांति एवं टुसू परब के पावन अवसर पर आयोजित भव्य मेले का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य वंदना देवी ने फीता काटकर किया। मेले के उद्घाटन के साथ ही पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

इस मौके पर जिप सदस्य वंदना देवी ने कहा कि समाज में उमंग और उत्साह को देखते हुए मेला समिति द्वारा इस परंपरागत आयोजन का भव्य रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि टुसू परब केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और किसान की आत्मा से जुड़ा सांस्कृतिक उत्सव है। यह दिन टुसू के बलिदान को स्मरण करने का प्रतीक भी है।समाजसेवी सह शिक्षक रामचंद्र महतो ने टुसू परब की परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन कुंवारी युवतियां टुसू पकड़कर गांव में भ्रमण करती हैं। उनके पीछे महिलाएं और अंत में पुरुष गाजे-बाजे के साथ चलते हैं।

इसके बाद टुसू जुलूस, टुसू भासान, स्नान, दान-पुण्य और परिवार की मंगल कामना की जाती है।उन्होंने बताया कि सूर्य की पहली किरण के साथ खेत जोतने, बैलों की पूजा, पीठा बनाने और रिश्तेदारी निभाने की परंपरा इस पर्व को विशेष बनाती है। मेले में मुखिया गायत्री हेम्ब्रम, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष निपेन सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

