नई दिल्ली, 25 सितंबर (अशोक “अश्क”) चीनी सोशल मीडिया ऐप TikTok पर अमेरिका में लगे प्रतिबंध को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हटा दिया है। गुरुवार को ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर इसकी औपचारिक घोषणा की। इस आदेश के अनुसार, एक नई डील के तहत TikTok को अमेरिका में फिर से संचालन की अनुमति मिल गई है।

इससे पहले, पूर्व राष्ट्रपति जो बिडेन ने एक कानून पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें TikTok की मूल कंपनी ByteDance को ऐप की संपत्ति किसी अमेरिकी कंपनी को बेचने या अमेरिका में प्रतिबंध झेलने के लिए बाध्य किया गया था। लेकिन ट्रंप प्रशासन अब इस ऐप के लिए नई व्यवस्था के तहत आगे बढ़ रहा है, जिससे TikTok अमेरिकी नियंत्रण में आ जाएगा और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं कम होंगी।
ट्रंप ने आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए कहा, “यह बहुत दिलचस्प है, क्योंकि मेरी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बहुत अच्छी बातचीत हुई। मुझे उम्मीद है कि वह भी मेरा सम्मान करते होंगे। हमने TikTok पर चर्चा की और उन्होंने हमें हरी झंडी दे दी। अब यह अमेरिकी निवेशकों और कंपनियों द्वारा चलाया जाएगा।”
डील के अनुसार, ओरेकल (Oracle) और सिल्वर लेक (Silver Lake) जैसे अमेरिकी निवेशकों का एक समूह TikTok की अमेरिका में संचालन करने वाली इकाई को नियंत्रण में लेगा। ByteDance की हिस्सेदारी घटाकर 20 प्रतिशत से भी कम कर दी जाएगी। साथ ही, ByteDance को सुरक्षा मामलों और अन्य संवेदनशील समितियों से दूर रखा जाएगा।
ट्रंप ने कहा, “हमारे पास अमेरिकी निवेशक हैं जो इसे चला रहे हैं। लैरी एलिसन और Oracle जैसे लोग इसमें शामिल हैं। यह सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम कदम है।”
TikTok के लिए यह डील अमेरिकी युवाओं के लिए भी राहत की खबर है। ट्रंप ने कहा, “युवा लोग, खासकर युवा, TikTok को बंद नहीं देखना चाहते थे।”
उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा, “हम TikTok को चालू रखना चाहते थे, लेकिन इसके साथ-साथ सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का समाधान भी जरूरी था। अब अमेरिकी यूजर्स TikTok का इस्तेमाल ज्यादा आत्मविश्वास के साथ कर सकेंगे।”
विशेषज्ञों का मानना है कि इस डील के जरिए चीन को व्यापारिक मामलों में कुछ रियायतें मिल सकती हैं। कुछ अन्य विश्लेषकों के अनुसार, यह समझौता शी जिनपिंग और ट्रंप के बीच भविष्य में होने वाली किसी महत्वपूर्ण बैठक का रास्ता भी साफ कर सकता है।
इस फैसले से न केवल अमेरिकी युवाओं को राहत मिली है, बल्कि टेक और निवेश जगत में भी एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

