समस्तीपुर, 18 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) ठंड और घने कोहरे के मौसम में ट्रेन संचालन की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल ने ‘विंटर सेफ्टी/फॉग सेफ्टी ड्राइव’ मिशन मोड में शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य प्रतिकूल मौसम के बीच भी ट्रेनों का संचालन सुरक्षित, नियंत्रित और निर्बाध बनाए रखना है।

कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की स्थिति में इंजीनियरिंग विभाग द्वारा प्वाइंट्स और क्रॉसिंग की विशेष जांच की जा रही है। सभी महत्वपूर्ण लोकेशन, पुल, कल्वर्ट और पथ निरीक्षण की आवृत्ति बढ़ा दी गई है। प्वाइंट्स पर आवश्यक लुब्रिकेशन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं सिग्नल विभाग सभी सिग्नलिंग उपकरणों, केबल, कलर लाइट सिग्नल और इंटरलॉकिंग सिस्टम की निगरानी कर रहा है।

रात में ट्रैक पेट्रोलिंग के लिए आवश्यक उपकरण तैयार हैं। क्रू और ट्रैफिक विभाग को फॉग पैटर्न के अनुसार ट्रेन संचालन और कम विज़िबिलिटी में विशेष निर्देश दिए गए हैं। इंजीनियरिंग, सिग्नल, दूरसंचार, क्रू, ट्रैफिक, कमर्शियल और आरपीएफ विभाग संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चला रहे हैं।
मंडल ने विंटर सेफ्टी को और मजबूत बनाने के लिए कई अतिरिक्त कदम भी उठाए हैं—
- फॉग सेफ्टी डिवाइस (FSD) सभी लोको पायलटों को उपलब्ध कराई गई है, जिससे सिग्नल की पहचान कम दृश्यता में भी संभव हो सके।
- स्पीड रेस्ट्रिक्शन का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
- क्रू-लॉबी में सुरक्षा संवाद और शीतकालीन रिफ्रेशर ब्रीफिंग आयोजित की जा रही है।
- ओएचई टीमों द्वारा विद्युत तारों की मजबूती जांचने हेतु अतिरिक्त पेट्रोलिंग की जा रही है।
- प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, लाइटिंग और अनाउंसमेंट सिस्टम की विशेष निगरानी बढ़ाई गई है।
समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग मिलकर सुरक्षित एवं सुचारु ट्रेन संचालन सुनिश्चित कर रहे हैं।

