पटना, 08 दिसम्बर (पटना डेस्क) दिसंबर का आगमन होते ही ठंड ने बिहार में अपना रंग जमाना शुरू कर दिया है। मौसम का मिज़ाज तेजी से बदल चुका है और आने वाले दिनों में सर्दी का प्रकोप और तीखा होने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 दिसंबर के बाद राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चल सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की आशंका है, जिससे हड्डियों तक कंपा देने वाली ठंड से लोग बेहाल हो सकते हैं।

उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर अब बिहार में भी दिखने लगा है। पहाड़ों की बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं को और तेज कर दिया है। पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने से दिन में निकली धूप भी बेअसर साबित हो रही है और ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है।राज्य के ज्यादातर जिलों में तड़के और देर रात घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। कई इलाकों में विजिबिलिटी इतनी कम है कि सड़क पर वाहन चलाना चुनौती बन गया है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा से लेकर किशनगंज और भागलपुर तक कोहरे का असर ज्यादा रहने का अनुमान है।विभाग का कहना है कि 15 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री के बीच रह सकता है। बीते 24 घंटों में 19 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है, जिसमें सबसे कम पारा भभुआ में देखा गया।अब तक सुबह-शाम तक सीमित ठंड आने वाले दिनों में दिन में भी जोर पकड़ लेगी। दिसंबर के आखिर तक ठंड और बढ़ने के आसार हैं। क्रिसमस और नए साल पर सीजन की सबसे सर्द रातें दस्तक दे सकती है।

