
बक्सर, 08 जनवरी (विक्रांत) कृषि विभाग द्वारा संचालित एग्रीस्टैक परियोजना के तहत बक्सर जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य विधिवत शुरू हो गया है। इस महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल के अंतर्गत प्रत्येक किसान की एक विशिष्ट फार्मर आईडी बनाई जाएगी, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने चुन्नी पंचायत में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कार्ड कैंप का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंप में मौजूद किसानों से संवाद कर पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी और उन्हें निर्धारित तिथि पर स्वयं उपस्थित होकर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की।जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान अपने पंचायत के किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक अथवा प्रखंड कृषि पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से विभिन्न कृषि एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त होगा।जिला प्रशासन ने किसानों से इस डिजिटल पहल का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन प्रतिदिन संध्या समय अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि पंजीकरण का पहला चरण 6 से 9 जनवरी तथा दूसरा चरण 18 से 21 जनवरी तक निर्धारित किया गया है।

