पटना, 15 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार की राजनीति में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सख्त तेवर देखने को मिले हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि बिहार में अपराधियों के लिए अब केवल एक ही जगह बची है और वह है जेल। उन्होंने ऐलान किया कि जिस भी माफिया पर अपराध सिद्ध होगा, उसकी अवैध संपत्ति जब्त कर उस जमीन पर गरीब बच्चों के लिए स्कूल खोले जाएंगे।

रविवार को पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने यह बड़ा बयान दिया। यह कार्यक्रम भाजपा विधायक व मंत्री नितिन नवीन की ओर से आयोजित किया गया था। मंच से सम्राट चौधरी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला।उन्होंने कहा कि बिहार में जमीन, बालू और शराब माफिया लंबे समय से सक्रिय रहे हैं, लेकिन अब सरकार ने उनकी पहचान कर ली है। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। सरकार सिर्फ सजा देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि माफियाओं की अवैध कमाई को समाज हित में लगाएगी।गृह मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे सम्राट चौधरी ने दावा किया कि बिहार में एक भी घुसपैठिया नहीं बचेगा। राज्य की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। महिला सुरक्षा पर उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि छेड़छाड़ करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा। महिला कॉलेजों, स्कूलों और अदालतों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

