
बक्सर, 22 जनवरी (विक्रांत) बार एसोसिएशन पटना के दिशा-निर्देशन में गुरुवार को डुमरांव अधिवक्ता संघ का बहुप्रतीक्षित चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। अनुमंडलीय न्यायालय परिसर पूरे दिन चुनावी सरगर्मी का गवाह बना रहा।

सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक चले मतदान में कुल 134 अधिवक्ता सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।मतगणना के बाद घोषित परिणाम में वरीय अधिवक्ता ओमदेव सिंह ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए आठवीं बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। महासचिव पद पर पृथ्वीनाथ शर्मा, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर अशोक कुमार निर्वाचित घोषित किए गए। संघ की एकमात्र महिला अधिवक्ता किरण कुमारी सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया।

वहीं रविन्द्र कुमार पासवान संयुक्त सचिव, विशाल कुमार सिंह अंकेक्षक एवं अविनाश त्रिपाठी कार्यकारी सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।चुनाव प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी चितरंजन पांडेय के नेतृत्व में वरीय अधिवक्ता प्रभानाथ तिवारी, विक्रमा राम एवं अजय कुमार तिवारी द्वारा संपन्न कराई गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शीघ्र ही निर्वाचित पदाधिकारियों को समारोहपूर्वक शपथ दिलाई जाएगी।

गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के लिए छह, महासचिव के लिए चार एवं कोषाध्यक्ष के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे। वर्ष 1995 में गठित संघ में ओमदेव सिंह पहले भी सात बार अध्यक्ष रह चुके हैं। चुनाव के दौरान अनुमंडल दंडाधिकारी राकेश कुमार कार्यालय कक्ष से सूक्ष्म कैमरे के माध्यम से पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए रहे।

