बक्सर, 01 नवंबर (विक्रांत) डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में उपाधीक्षक पद को लेकर चल रहे विवाद का पटाक्षेप शनिवार को हो गया। सिविल सर्जन डॉ. एस.पी. चक्रवर्ती के हस्तक्षेप के बाद महिला चिकित्सक डॉ. श्रुति प्रकाश ने उपाधीक्षक का प्रभार ग्रहण कर लिया। अस्पताल परिसर में दिनभर प्रभार हस्तांतरण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। बताया गया कि डॉ. प्रकाश ड्यूटी पर नहीं थीं और कार्यक्षेत्र से बाहर थीं, जिसके कारण सिविल सर्जन एवं अन्य अधिकारी घंटों उनके आने की प्रतीक्षा करते रहे।

इससे पहले प्रथम वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीरेन्द्र कुमार ने अपने माता-पिता की तबीयत खराब रहने का हवाला देते हुए प्रभार नहीं लेने का आग्रह सिविल सर्जन से किया था। अंततः सिविल सर्जन के आदेश के आलोक में डॉ. प्रकाश को उपाधीक्षक का प्रभार सौंपा गया, जिससे डॉ. कुमार को राहत मिली।
प्रभार ग्रहण करने के बाद डॉ. श्रुति प्रकाश ने कहा कि सिविल सर्जन के निर्देश से संबंधित पत्र उन्हें पूर्व उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार द्वारा नहीं दिया गया था, न ही उन्हें 24 घंटे पूर्व कोई लिखित सूचना मिली थी। सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल की चिकित्सकीय व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डॉ. श्रुति प्रकाश को उपाधीक्षक का दायित्व सौंपा गया है।

