
बक्सर, 29 जनवरी (विक्रांत) डुमरांव नगर की होनहार बेटी आकांक्षा कुमारी वर्मा ने आरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में गणित विषय से स्नातकोत्तर में गोल्ड मेडल हासिल कर न सिर्फ डुमरांव बल्कि पूरे बक्सर जिले को गौरवान्वित किया है।

यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में जिले के लिए एक ऐतिहासिक पल मानी जा रही है।आकांक्षा की प्रारंभिक शिक्षा राजगढ़ के महारानी उषारानी बालिका मध्य एवं उच्च विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने सुमित्रा महिला कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

सत्र 2022-2024 में आरा के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से गणित विषय में स्नातकोत्तर करते हुए उन्होंने पूरे सत्र में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।28 जनवरी 2026 को आयोजित सातवें दीक्षांत समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने आकांक्षा को गोल्ड मेडल प्रदान किया।

समारोह में शाहाबाद क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बक्सर विधायक आनंद मिश्रा और डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने आकांक्षा को बधाई दी।आकांक्षा के पिता मनोज वर्मा, माता नंदा वर्मा और दादा सुरेंद्र वर्मा ने इसे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। छोटी बहन अंजली और भाई मयंक ने भी खुशी जाहिर की।

