
बक्सर, 13 जनवरी (विक्रांत) जन्म और मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को अनुमंडल डुमरांव में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रखंड सभागार, डुमरांव में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने की।कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी नावानगर श्री वकील प्रसाद सिंह द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अपर जिला रजिस्ट्रार का स्वागत कर की गई।

इसके पश्चात अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।प्रशिक्षण सत्र में सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी इटाढ़ी श्री हेमंत कुमार चौबे तथा जिला सांख्यिकी कार्यालय बक्सर के श्री अभय प्रताप सिंह ने जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से जुड़े विभिन्न कानूनी, प्रशासनिक और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। जन्म–मृत्यु अधिनियम 1969, 2023, बिहार राज्य अधिनियम 1999 एवं संशोधित नियमावली 2025 के प्रावधानों पर विशेष प्रकाश डाला गया।साथ ही dc.crsorgi पोर्टल पर निबंधन की तकनीकी प्रक्रिया समझाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में डुमरांव अनुमंडल के सभी संबंधित पदाधिकारी, पंचायत सचिव, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

