समस्तीपुर 27 अगस्त (अशोक “अश्क”) बिहार सरकार के माननीय सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्री महेश्वर हजारी ने आज दिनांक 27 अगस्त 2025 को तिरहुत मुख्य नहर के कि.मी. 258.35 पर पहाड़पुर हाट से विश्वनपुर बथुआ (हॉल्ट) तक पारगमन हेतु प्रस्तावित द्विपथीय पुल का विधिवत शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री हजारी ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। यह पुल नहर पार के गाँवों को मुख्य सड़क से जोड़ेगा, जिससे स्थानीय निवासियों को बाजार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार तक सुगमता से पहुँच मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह पुल परियोजना न केवल यातायात की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगी।
श्री हजारी ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ और इसी कड़ी में यह पुल एक अहम कड़ी साबित होगा।
इस शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने इस परियोजना के प्रति उत्साह को दर्शाया। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रखंड और जिला प्रशासन के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवीगण भी मौजूद रहे।
पुल निर्माण से संबंधित कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की संभावना है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिलेगा।

