
पटना, 31 दिसम्बर (पटना डेस्क) लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पटना के एक थाने में उनके खिलाफ संतोष रेणु यादव ने एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्हें और उनके परिजनों को जान का खतरा है, इसलिए तत्काल पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए।

साथ ही आरोप लगाया गया है कि तेजप्रताप उन्हें बदनाम करने के लिए झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले तेजप्रताप यादव ने सचिवालय थाने में संतोष रेणु यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उस शिकायत में धमकी देने, रंगदारी मांगने और छवि खराब करने के आरोप लगाए गए थे। अब पलटवार करते हुए संतोष रेणु यादव ने कहा है कि लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और राजनीतिक मतभेद के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

एफआईआर में संतोष ने कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है, लेकिन हालात को देखते हुए सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें किसी भी समय नुकसान पहुंचाया जा सकता है। मामले को लेकर सिटी एसपी ने बताया कि फिलहाल लिखित सनहा प्राप्त हुआ है और तथ्यों की जांच की जा रही है।संतोष रेणु यादव भोजपुरी गायक, यूट्यूबर और यादव समाज के सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वे यादुवंशी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। राजनीति में वे जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे, लेकिन दिसंबर 2025 में दलाली और धन उगाही के आरोपों के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिए गए। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच टकराव गहराता जा रहा है।

