समस्तीपुर, 15 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के तहत 19 और 20 सितंबर को समस्तीपुर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि तेजस्वी यादव 19 सितंबर को दोपहर 01 बजे रोसड़ा, 02:30 बजे अंगारघाट तथा 04:30 बजे जितवारपुर पहुंचेंगे। इन सभी स्थानों पर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम जिला अतिथिगृह में होगा।

इसके बाद 20 सितंबर की सुबह 09 बजे तेजस्वी यादव जिला अतिथिगृह से प्रस्थान कर 09:30 बजे मुसरीघरारी और 10 बजे ताजपुर पहुंचेंगे। ताजपुर हाईस्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित करने के बाद वे 11 बजे वैशाली जिला के कार्यक्रम हेतु प्रस्थान करेंगे।
कार्यक्रम की सफलता को लेकर राजद समस्तीपुर द्वारा एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने की। बैठक में विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, पूर्व विधायक अशोक प्रसाद वर्मा, फैजुर रहमान फैज, पी.पी. शर्मा, प्रो. राजेन्द्र भगत, उमेश यादव सहित कई वरिष्ठ नेता व प्रखंड अध्यक्ष मौजूद थे।
राजद नेताओं ने यात्रा को ऐतिहासिक बनाने हेतु व्यापक तैयारियों का आह्वान किया।

