
गोपालगंज, 02 फरवरी (निज संवाददाता) बेमौसम कुहासे के बीच सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी से अरेराज सोमेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त पूरे क्षेत्र में घना कुहासा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और श्रद्धालुओं की गाड़ी में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पतालदुर्घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत मॉडल सदर अस्पताल भेजा गया,जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रही है।-मृत महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा हादसे में मृत महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

मृतका की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया,जिसकी तलाश की जा रही है।-जांच में जुटी पुलिस, कुहासा बना हादसे की वजहपुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम, घना कुहासा और कम दृश्यता को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

