
समस्तीपुर, 08 जनवरी (मोहम्मद जमशेद) ताजपुर में पुलिस की थर्ड डिग्री टार्चर के शिकार मनीष पोद्दार को न्याय दिलाने के लिए भाकपा माले 10 जनवरी को न्याय मार्च निकालेगी। इसकी घोषणा भाकपा माले जांच टीम के नेतृत्वकर्ता सह प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने पीड़ित के घर आयोजित ग्रामीणों की बैठक में की।

इससे पूर्व जांच टीम के सदस्य ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, शंकर सिंह, आसिफ होदा, मो. एजाज सहित अन्य नेताओं ने गांव-घर जाकर परिजनों और पड़ोसियों से घटना की जानकारी ली। सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि मनीष पिछले दस वर्षों से सोना-चांदी की दुकानों में काम करता रहा, उस पर कभी कोई आरोप या मुकदमा नहीं रहा। वह गरीब परिवार का मेहनतकश युवक है। आरोप है कि पुलिस ने अमानवीय तरीके से थर्ड डिग्री टार्चर किया, जिससे उसकी हालत मरनासन्न हो गई।

पुलिस-थानाध्यक्ष पर निर्दय पिटाई और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे जनता में भारी आक्रोश है। माले ने ताजपुर अस्पताल चौक से निकलने वाले न्याय मार्च को सफल बनाने की अपील की है। मार्च में अन्य जनसमस्याओं को भी उठाया जाएगा।

