नई दिल्ली, 12नवम्बर (अशोक “अश्क”) दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुक्री कॉनराड ने कहा है कि उनके स्पिनर—केशव महाराज, सेनुरन मुथुस्वामी और साइमन हार्मर—भारत के अनुभवी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती पेश करेंगे। कॉनराड का विश्वास है कि उनकी टीम दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला जीतकर इतिहास रच सकती है। उन्होंने इस श्रृंखला की तुलना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से की।

पहला टेस्ट ईडन गार्डन्स में शुक्रवार से खेला जाएगा, जबकि दूसरा गुवाहाटी में 22 नवंबर से होगा। कॉनराड ने कहा कि हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर दक्षिण अफ्रीका के स्पिनरों का प्रदर्शन उत्साहवर्धक रहा और वे भारत में भी इसी तरह प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “केशव, साइमन और सेन के रूप में हमारे पास अब मजबूत स्पिन विकल्प हैं, जो परिस्थितियों के अनुकूल होने पर भारत को चुनौती देने के लिए पर्याप्त हैं।”
कोच ने भारत के खिलाफ मुकाबले को प्रतिष्ठित और कठिन चुनौती बताते हुए कहा कि ईडन गार्डन्स जैसे मैदान पर खेलना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि आईपीएल में अपने खिलाड़ियों के अनुभव से टीम को भारत की परिस्थितियों में ढलने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, कॉनराड ने तेज गेंदबाजों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “भारत में स्पिन की चर्चा होती है, लेकिन दोनों टीमों के पास विश्वस्तरीय तेज़ गेंदबाज़ हैं और ईडन गार्डन्स हमेशा तेज गेंदबाज़ों के लिए मौके प्रदान करता है।”
कोच का मानना है कि यह मुकाबला बराबरी का रहेगा और दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम जीत के इरादे के साथ उतरेगा।

