
दरभंगा, 18 जनवरी (विजय राय) दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार की देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुई भीषण मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। झड़प इतनी उग्र हो गई कि वैशाली जिले के रहने वाले छात्र विशाल कुमार को अपनी जान बचाने के लिए कॉलेज परिसर से सटे गेहूं के खेत में छिपना पड़ा। इस दौरान उग्र छात्रों ने दो अन्य छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मब्बी थाना पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना की सूचना मिलते ही मब्बी थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। एहतियात के तौर पर कॉलेज परिसर में पुलिस कैंप कर रही है। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान एक छात्र के चार दांत टूट गए हैं, जबकि दूसरे छात्र की हालत चिंताजनक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘उमंग’ प्रतियोगिता के तहत वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया था। इस मुकाबले में समस्तीपुर इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम को हार का सामना करना पड़ा। मैच समाप्त होने के बाद देर शाम दोनों कॉलेजों के छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।मारपीट के दौरान समस्तीपुर के छात्रों से घिरे वैशाली जिले के ईमादपुर निवासी छात्र विशाल कुमार चारों ओर से फंस गया। जान का खतरा भांपते हुए वह गेहूं के खेत में छिप गया और डर के मारे अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसकी हत्या हो सकती है। सूचना मिलते ही उसके पिता अशोक दास ने दरभंगा पुलिस को मामले से अवगत कराया।

इसके बाद मब्बी थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और खेत में फंसे छात्र विशाल कुमार को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने हंगामा कर रहे छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया।मब्बी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। खेत में फंसे छात्र को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

