समस्तीपुर, 28 नवम्बर (मोहम्मद जमशेद) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 05–दरभंगा शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का प्रारूप 25 नवंबर 2025 को प्रकाशित कर दिया गया है। प्रारूप सूची का अवलोकन SDO, DCLR, BDO, CO तथा निर्दिष्ट पदाधिकारियों के कार्यालयों में किया जा सकता है। वहीं मतदाता ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भी अपना नाम देख सकते हैं। प्रारूप प्रकाशन के बाद 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक दावा और आपत्ति दर्ज करने की तिथि निर्धारित की गई है। इच्छुक योग्य मतदाता अपना आवेदन सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी एवं मतदान केंद्र पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

शिक्षक निर्वाचक के लिए भारत का नागरिक होना, संबंधित क्षेत्र का निवासी होना, 1 नवंबर 2025 से पूर्व बीते छह वर्षों में कम-से-कम तीन वर्ष राज्य के मान्यता प्राप्त माध्यमिक स्तर से ऊपर के शिक्षण संस्थानों में कार्यरत होना अनिवार्य है।
स्नातक निर्वाचक हेतु भारत का नागरिक और संबंधित क्षेत्र का निवासी होने के साथ 1 नवंबर 2025 से तीन वर्ष पूर्व स्नातक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। प्रमाण-पत्र को राजपत्रित अधिकारियों, तहसीलदार या संबद्ध संस्थानों के प्रधानाचार्यों द्वारा सत्यापित कराना होगा।
आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित कार्यालयों में प्रमाण-पत्र सत्यापन करवा सकते हैं।

