
समस्तीपुर, 24 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले के सरायरंजन बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक की डिग्गी से 39 हजार रुपये चोरी होने से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया, जब बाइक सवार दवा खरीदने दुकान में गया था।

पीड़ित विनोद कुमार झा ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सरायरंजन शाखा से रुपये निकाले थे। बैंक से 39 हजार रुपये निकालने के बाद वे दवा लेने पास की दुकान पर पहुंचे। इसी दौरान दो शातिर बदमाशों ने उनकी बाइक की डिग्गी खोलकर उसमें रखी नकदी और चेकबुक पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।

पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले को लेकर सरायरंजन थाने में कांड संख्या 4026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।

