नई दिल्ली, 13 नवम्बर (अशोक “अश्क”) दिल्ली में लालकिला के पास हाल ही में हुए बम विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में अभी भी सतर्कता की कमी देखी जा रही है। विशेषकर रिठाला और रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशनों के बाहर ई-रिक्शा का जमावड़ा सुरक्षा और यातायात दोनों के लिए चुनौती बन गया है।

जब बुधवार को दोनों मेट्रो स्टेशनों का निरीक्षण किया गया। रिठाला मेट्रो स्टेशन पर दोपहर तीन बजे लगभग 50 ई-रिक्शा बेतरतीब ढंग से खड़े दिखे, जिससे यात्रियों का मार्ग बाधित हो गया और आसपास यातायात जाम की स्थिति बन गई। स्टेशन के पास सुखदेव महाविद्यालय, जिम्स कालेज समेत कई शिक्षण संस्थान हैं, जिनमें हजारों छात्र आने-जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। इसी तरह रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन पर शाम साढ़े चार बजे लगभग 40-50 ई-रिक्शा खड़े पाए गए। आसपास कई मॉल, अस्पताल और होटल हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए वहां पुलिस तैनात नहीं थी।
यात्री प्रखर ने बताया कि वह रोज़ाना रिठाला मेट्रो से सफर करता है और ई-रिक्शा के कारण जाम और भीड़भाड़ से परेशान रहता है। कार्तिक ने कहा कि लालकिला धमाके के बाद भीड़भाड़ वाले इलाकों में डर रहता है, लेकिन मजबूरी में मेट्रो का इस्तेमाल करना पड़ता है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र, कंप्यूटर मार्केट और बर्तन बाजार की सुरक्षा जांच की। पुलिस ने दुकानदारों और वाहन डीलरों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और खरीदार का विवरण सत्यापित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा बढ़ाने के बावजूद मेट्रो स्टेशनों पर ई-रिक्शा के अव्यवस्थित खड़े होने और यातायात जाम की स्थिति को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

