पटना, 30 नवम्बर (पटना डेस्क) सोमवार से मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदलने वाला है। वर्ष 2025 का आखिरी महीना शुरू होते ही उत्तर भारत तेज़ी से ठंड की चपेट में आएगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 1 दिसंबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में घना कोहरा छा सकता है। तापमान में अचानक गिरावट दर्ज होगी और ठंड में भारी बढ़ोतरी की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिसंबर की शुरुआत के साथ ही राज्यभर में सर्दी का असर तेज़ हो जाएगा। पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा, जबकि दूसरे सप्ताह में ठिठुरन और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। कई इलाकों में पारा 10 °C से भी नीचे जा सकता है।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने जिला प्रशासन को अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन को समय रहते ठंड से बचाव की आवश्यक तैयारियाँ पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, आपदा प्रबंधन विभाग ने भी चेताया है कि हर वर्ष दिसंबर–जनवरी में गंभीर शीतलहर का प्रकोप रहता है और इस बार तापमान पहले ही लगातार गिर रहा है। विभाग ने कहा है कि जनता की सुरक्षा के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाना बेहद जरूरी है।

