पटना, 17 अक्टूबर (पटना डेस्क) दीपावली एवं काली पूजा 2025 के अवसर पर आतिशबाजी के कारण संभावित आगजनी व जलने की घटनाओं से निपटने के लिए समस्तीपुर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष आकस्मिक सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

सिविल सर्जन डॉ. एसके चौधरी ने जिले के सभी अनुमंडलीय अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी और जननायक कर्पूरी ठाकुर रेफरल अस्पताल ताजपुर को पत्र जारी कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है। इसमें 19 और 20 अक्टूबर की रात विशेष सतर्कता बरतने और अस्पतालों में चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की रोस्टर के अनुसार प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश शामिल है।
डॉ. चौधरी ने बताया कि दीपावली की रात आतिशबाजी के कारण हर साल जलने और आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है। ऐसे में सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाएं, प्राथमिक उपचार सामग्री और एम्बुलेंस सेवा को तैयार रखने को कहा गया है।
सदर अस्पताल में दो एम्बुलेंस 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश हैं, ताकि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी जा सके। साथ ही, सभी अस्पतालों को निर्देशित किया गया है कि समुचित इलाज और आकस्मिक सेवाएं बिना बाधा उपलब्ध कराई जाएं।
जिला स्वास्थ्य विभाग की यह पहल पर्व के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने में सहायक सिद्ध होगी।

