
बक्सर 03 जनवर(विक्रांत) जिले के दुल्लहपुर गांव में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ और नव निर्मित भगवान सूर्य नारायण मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महायज्ञ स्थल पर प्रतिदिन दूर दराज से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।
वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ की अग्नि से वातावरण धर्ममय हो उठा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के कई जनप्रतिनिधि भी धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए और अपनी आस्था प्रकट की। प्रतिनिधियों ने सत्य के प्रतीक भगवान सूर्य नारायण मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन कर माथा टेका।

इसके बाद यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास देखने को मिला। दर्शन पूजन करने वालों में जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र ठाकुर, अरमान मलिक, अशोक राम सहित जिला परिषद उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि सुनील सिंह, जिला पार्षद प्रतिनिधि मनोज कुशवाहा, पुना साह, सुग्रीव कुंवर तथा मुर्तजा अंसारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

महायज्ञ समिति के प्रमुख सदस्य एवं पूर्व मुखिया सह जिला पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान सूर्य नारायण की प्राण प्रतिष्ठा आगामी छह फरवरी को संपन्न होगी।

वहीं श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के समापन अवसर पर आठ फरवरी को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी उत्साह है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम हुए।

