दरभंगा, 14 दिसम्बर (दरभंगा डेस्क) कोतवाली थाना क्षेत्र के दोनार चौक पर शनिवार को अवैध गौ तस्करी को लेकर जबरदस्त हंगामा मच गया। स्थानीय लोगों ने संदेह के आधार पर सहरसा से दरभंगा आ रही एक पिकअप वाहन को रोका, जिसमें नौ गायों को बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा था। वाहन रुकते ही पिकअप में सवार दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जबकि चालक को लोगों ने पकड़ लिया।घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और गौ रक्षक दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।

सभी गायों को सुरक्षित पिकअप से उतारकर पुलिस के हवाले किया गया। पकड़े गए चालक की पहचान मोहम्मद रऊफ के रूप में हुई है, जिसे बेंता थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फरार दोनों आरोपियों के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के उर्दू मोहल्ला निवासी होने की जानकारी मिली है।पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर रेस्क्यू की गई सभी गायों को बेंता थाना परिसर में सुरक्षित रखा है। गौ रक्षक दल के शिवम कुमार झा के आवेदन पर गौ तस्करी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि गायों को उर्दू बाजार ले जाकर अवैध वध की तैयारी थी। विश्व हिंदू संगठन के जिला मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

