पटना, 13 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार में पछुआ हवा के तेज बहाव ने ठंड का असर अचानक बढ़ा दिया है। पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेशभर में कनकनी बढ़ा दी है। ठंडी हवा के असर से समस्तीपुर जिले में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। राज्य के पांच जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पूर्वी जिलों में आज भी शाम 7 बजे से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच सकती है। आने वाले सात दिनों तक मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन इसके बाद शीतलहर की शुरुआत होने के संकेत मिल रहे हैं।राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस समस्तीपुर के पूसा में रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की शुरुआती ठंड के अहम दिनों में शामिल है। शेखपुरा, नवादा, औरंगाबाद सहित पांच जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।पटना समेत आठ शहरों में घना कोहरा देखने को मिला। बेगूसराय और बक्सर में जीरो विजिबिलिटी के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। किसानों का कहना है कि कोहरा रब्बी फसलों के लिए फिलहाल फायदेमंद साबित हो सकता है।

