गोपालगंज, 7 अक्तूबर (निज संवाददाता) शहर के चंद्रगोकुल रोड में सोमवार की देर शाम पुलिस ने एक युवक के पास से 7 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद इस बरामदगी को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है और रकम की विधिवत जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चंद्रगोकुल रोड पर एक युवक के पास भारी मात्रा में कैश उपलब्ध है। जिसके बाद अंचलाधिकारी व नगर थानाध्यक्ष की टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए सीवान के युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से भारी मात्रा में कैश मिला। जब उससे पूछताछ की गई तो वह रुपये के स्रोत और उद्देश्य के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की सूचना आयकर विभाग एवं निर्वाचन आयोग को भी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार,बरामद नकदी की जांच यह सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है कि कहीं यह चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने या अवैध लेन-देन के लिए तो नहीं रखी गई थी। एसपी ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद जिले में नकदी,शराब और अन्य संदिग्ध सामग्रियों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसी के पास से भारी मात्रा में नकदी मिलने पर उसकी पूरी विधिक प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी।

