बक्सर, 07 सितंबर (विक्रांत) डुमराँव विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने आज नया भोजपुर (नगर परिषद क्षेत्र) में NH-922 से महावीर स्थान तक की वर्षों से जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण का शिलान्यास किया। 87.45 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस पीसीसी सड़क के शिलान्यास से स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह है।

विधायक ने बताया कि इस सड़क की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब थी, जिससे छात्रों, व्यापारियों और महिलाओं को काफी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा, “नगर विकास एवं आवास विभाग सहित संबंधित अधिकारियों पर दबाव बनाकर हमने इस सड़क के लिए बजट मंजूर करवाया। यह सड़क क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास की रीढ़ है।”

उन्होंने जनता से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी अनियमितता दिखे तो तुरंत उन्हें या अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सड़क टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता की बनेगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे आवाजाही आसान होगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और बच्चों का स्कूल जाना सुरक्षित होगा।
इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष विकास कुमार, राजद नेता जगनारायण सिंह यादव, विधायक प्रतिनिधि नीरज कुमार समेत कई वार्ड पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

