समस्तीपुर, 16 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में मुस्लिम कपड़ा फेरीवाले मोहम्मद अतहर हुसैन की बर्बर मॉब लिंचिंग और गरीबों पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में भाकपा माले ने समस्तीपुर में जोरदार प्रतिवाद मार्च निकाला। मंगलवार को मालगोदाम चौक से निकला यह मार्च बाजार क्षेत्र से होते हुए स्टेशन चौराहा पहुंचा, जहां सभा में तब्दील हो गया।सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य जीबछ पासवान ने कहा कि यह घटना बिहार में कानून के शासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है और राज्य में बढ़ते सांप्रदायिक माहौल का परिणाम है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद मॉब हिंसा और बुलडोजर कार्रवाई में इजाफा हुआ है।उन्होंने पीड़ित अतहर हुसैन को न्याय, दोषियों की गिरफ्तारी व सजा, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सुरक्षा, झूठे मुकदमे की वापसी तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। मार्च में बड़ी संख्या में भाकपा माले और इंसाफ मंच के कार्यकर्ता शामिल हुए।

