पटना, 10 नवंबर (पटना डेस्क) नालंदा के पुलिस भारत सोनी एवं बिहार शरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा ने आज नालंदा कॉलेज स्थित वज्रगृह-सह मतगणना केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के क्रम में मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट को स्ट्रॉग रूम में सुरक्षित रखा गया है, जिसकी सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना केंद्र परिसर में आने वाले सभी वाहन, कर्मी, पदाधिकारी और वर्कर्स की फ्रीस्किंग बेहतर ढंग से की जाए। नालंदा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों – 171-अस्थावां, 172-बिहारशरीफ, 173-राजगीर, 174-इस्लामपुर, 175-हिलसा, 176-नालंदा और 177-हनौत – के लिए ईवीएम और वीवीपैट को चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और केंद्रीय प्रेक्षकों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कर डबल लॉक सिस्टम के तहत सीलबंद किया गया है।
स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था की गई है। आंतरिक सुरक्षा केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों के अधीन है, जिसमें न्यूनतम एक प्लाटून तैनात किया गया है, जबकि बाहरी सुरक्षा जिला पुलिस द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त, 24×7 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। अभ्यर्थियों और उनके प्रतिनिधियों को नियंत्रण कक्ष में टीवी के माध्यम से सुरक्षा की निगरानी की अनुमति दी गई है।
मतगणना दिवस 14 नवंबर, 2025 को स्ट्रॉग रूम को अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और केंद्रीय प्रेक्षकों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कर खोला जाएगा और मतगणना का कार्य संचालित किया जाएगा।

