पटना, 01 नवंबर (पटना डेस्क) अपराध नियंत्रण अभियान में नालंदा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के बडिहा गांव में की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन कंट्री मेड पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस, दो गोली के खोखे और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने पांच अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।
थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि 31 अक्टूबर 2025 को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव में अवैध हथियारों के साथ सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक लोडेड कंट्री मेड पिस्टल भी जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना भगत (55 वर्ष), लक्ष्मण कुमार (25 वर्ष), शत्रुघन कुमार और दो नाबालिगों के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपी अपने क्षेत्र में वर्चस्व बनाए रखने के लिए खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते थे और कई बार लोगों को डराने के लिए फायरिंग भी कर चुके हैं।
पुलिस सभी आरोपियों के अपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। यह छापेमारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर की गई, जिसमें नगरनौसा थाने की विशेष टीम शामिल थी।

