नालंदा, 07 दिसम्बर (अविनाश पांडेय) नालंदा पुलिस की कड़ी रणनीति और लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। यह दावा नहीं, बल्कि पुलिस मुख्यालय से मिले ताज़ा आंकड़े इसकी तस्दीक करते हैं। ब्राउन शुगर व शराब तस्करी पर नकेल कसने के बाद अब पुलिस ने एक स्पेशल रेडिंग टीम गठित की है, जिसमें सभी वरीय अधिकारी और थानाध्यक्ष शामिल हैं।

6 दिसंबर की रात टीम ने जिलेभर में जबरदस्त छापेमारी अभियान चलाया। नतीजा—विभिन्न मामलों में फरार 79 अभियुक्त गिरफ्तार। साथ ही 73 वाहनों से फाइन के रूप में 10 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई। सबसे अधिक गिरफ्तारी हिलसा थाना क्षेत्र से हुई, जहां पुलिस ने 7 अभियुक्त एक साथ दबोचे। रहुई और तेलहारा थानों ने 5-5 अभियुक्त गिरफ्तार किए।पुलिस आंकड़ों के अनुसार, 16 ऐसे अपराधी पकड़े गए जिन पर हत्या के प्रयास के मामले दर्ज थे। वहीं दहेज हत्या कांड में 2, शस्त्र अधिनियम में 2, पुलिस पर हमला मामले में 3, जबकि शराब कांड में 14 अभियुक्त पकड़े गए। अभियान के दौरान 18 लीटर देसी चुलाई, 28 लीटर विदेशी शराब, एक कंट्री मेड पिस्टल और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। साथ ही 35 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई।अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने बताया कि ठंड के मौसम में रात में विशेष पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी कड़ी कर दी गई है और हाल में जमानत पर छूटे दागी अपराधियों पर खास निगरानी रखी जा रही है।

