
नालन्दा, 24 दिसम्बर (अविनाश पांडेय) नालंदा जिले में यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बुधवार से व्यापक वाहन चेकिंग अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान पूर्व निर्धारित रूटिंग प्लान के तहत जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी अनुमंडल और प्रखंड क्षेत्रों में चलाया जाएगा।

अभियान की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित कारगिल मोड़ के समीप की गई, जहां बड़े और छोटे वाहनों की सघन जांच हुई। जांच के दौरान वाहनों के इंश्योरेंस, परमिट, फिटनेस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस की बारीकी से पड़ताल की गई।अभियान के पहले ही दिन करीब 300 वाहनों से नियम उल्लंघन के आरोप में लगभग 5 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। अधिकांश चालान इंश्योरेंस, फिटनेस और पॉल्यूशन की समय सीमा समाप्त होने के कारण काटे गए।

डीटीओ ने बताया कि विशेष टीम का गठन किया गया है, जो अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ऑनलाइन कागजातों की जांच कर रही है। कागजात दुरुस्त नहीं पाए जाने पर मौके पर ही चालान निर्गत किया जा रहा है।परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने सभी दस्तावेज समय रहते दुरुस्त करा लें। खासकर जिन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है, वे जिला परिवहन कार्यालय से संपर्क कर शीघ्र लाइसेंस बनवाएं, अन्यथा कार्रवाई तय है।

