नालन्दा, 15 दिसम्बर (अविनाश पांडेय) पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सोमवार को बख्तियारपुर–राजगीर–तिलैया–कोडरमा–धनबाद रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे संरक्षा और अवसंरचना की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों, पुल-पुलियों, ओएचई सिस्टम और रेलवे ट्रैक के रख-रखाव सहित सुरक्षा व संरक्षा से जुड़े हर पहलू का बारीकी से जायजा लिया।वापसी क्रम में महाप्रबंधक ने झाझा–किउल–राजेन्द्र पुल–बरौनी रेलखंड का भी विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।

निरीक्षण का सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आया, जब बंधुआ–कोडरमा–धनबाद रेलखंड पर ट्रेन की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई, लेकिन कोच में रखा पानी का गिलास पूरी तरह स्थिर रहा। यह दृश्य धनबाद मंडल की उत्कृष्ट ट्रैक संरचना, मजबूत पथ-रक्षण व्यवस्था और आधुनिक रेलवे अवसंरचना की गुणवत्ता का जीवंत प्रमाण माना जा रहा है।महाप्रबंधक ने बेहतर सवारी गुणवत्ता के लिए धनबाद मंडल की सराहना करते हुए कहा कि यह उन्नत तकनीक, सतत रख-रखाव और संरक्षा-केंद्रित कार्यप्रणाली का नतीजा है। निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों को रेल संरक्षा, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।इस दौरान दानापुर मंडल के डीआरएम विनोद कुमार, सोनपुर मंडल के डीआरएम अमित सरन और धनबाद मंडल के एडीआरएम अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।

