
समस्तीपुर, 08 जनवरी (मोहम्मद जमशेद) जमीन पर नाली का गंदा पानी बहाने को लेकर बिथान थाना क्षेत्र के तेलनी गांव में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान वार्ड संख्या 9 निवासी राम बालक शर्मा की पत्नी संगीता देवी (32), पंचलाल शर्मा (25) और रूपम कुमारी (25) के रूप में हुई है।

अस्पताल में डॉक्टर विनय कुमार की देखरेख में सभी का इलाज चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार घायलों को अंदरूनी चोटें आई हैं, एक्स-रे कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद आगे का उपचार तय होगा।घायल संगीता देवी ने बताया कि उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने घर के पास पांच धुर जमीन खरीदी है, जिस पर दिलीप शर्मा के परिवार द्वारा घर का गंदा पानी बहाया जाता था। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से सूचना मिली है। बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए मामला बिथान थाना भेजा जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

