पटना, 06 दिसंबर (पटना डेस्क) बिहार की सियासत में नई हलचल बढ़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के जदयू की कमान संभालने की अटकलें तेज हो गई हैं। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने पत्रकारों से बातचीत में साफ संकेत देते हुए कहा कि “पार्टी और हम सभी यही चाहते हैं, अब फैसला उन्हें ही करना है।”

मीडिया के सवाल पर निशांत मुस्कुराकर चुप रह गए, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएँ और तेज हो गई हैं।एनडीए की प्रचंड जीत पर निशांत ने खुशी जताते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही यह संभव हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नीतीश कुमार जनता से किए हर वादे को पूरा करेंगे, जिसमें एक करोड़ नौकरी और रोजगार का बड़ा संकल्प भी शामिल है।गौरतलब है कि गठबंधन और जदयू के नेता कई बार निशांत की राजनीति में एंट्री की मांग कर चुके हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने तो साफ कहा था कि “जदयू को बचाना है तो निशांत को राजनीति में लाना ही होगा।” विधानसभा चुनाव के समय चर्चा थी कि उन्हें नालंदा की किसी सीट से उतारा जा सकता है, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी।संजय झा के ताज़ा बयान के बाद जदयू में निशांत कुमार की एंट्री की संभावना फिर से मज़बूत हो गई है।

