बक्सर, 25 अक्टूबर (विक्रांत) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल भाषणबाजी और भ्रम फैलाने में लगा है, जबकि एनडीए सरकार ने पिछले कार्यकाल में विकास और रोजगार के क्षेत्र में ठोस कार्य किए हैं।

नीतीश कुमार ने सभा में कहा कि आगामी पांच साल में राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी देने का संकल्प हमारी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ही हमारी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए विशेष योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में एनडीए सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों, बिजली, जल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास निरंतर जारी रहेगा।
सभा में उन्होंने जनता से अपील की कि वे जदयू और एनडीए के समर्थन से विकास और सुशासन को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा-जदयू गठबंधन ही बिहार के युवाओं, महिलाओं और किसानो के लिए स्थायी समाधान दे सकता है।
नीतीश कुमार का यह भाषण चुनावी माहौल को और गरमाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने सीधे विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं को केंद्र में रखते हुए मतदान करने की अपील की।

