समस्तीपुर, 30 अगस्त (अशोक “अश्क”) समस्तीपुर में रेल विस्तार एवं विकास मंच द्वारा शनिवार को विभिन्न चौक-चौराहों पर नुक्कड़ सभा अभियान संपन्न हुआ। डीआरएम चौक, माधुरी चौक, अटेरन चौक, चांदनी चौक, कन्हैया चौक, स्टेशन चौक समेत दर्जनों स्थानों पर रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण शुरू करने, भोला टाकीज-मुक्तापुर-अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य आरंभ करने जैसी मांगों को लेकर सभा आयोजित की गई। इस दौरान पर्चे भी वितरित किए गए।

सभा में राजद के राकेश ठाकुर, राम विनोद पासवान, चंदन सहनी, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, समाजसेवी अशोक कुमार राय, शिक्षक शंकर प्रसाद साह सहित कई सामाजिक व राजनीतिक नेता मौजूद थे। मंच की अध्यक्षता माकपा के रघुनाथ राय ने की।
सभा को संबोधित करते हुए राजद नेता राकेश ठाकुर ने रेल प्रशासन से माधुरी चौक स्थित चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार करने और रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा देने की मांग की। वहीं भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने नई रेल लाइनों के लिए मंजूरी की आवश्यकता पर जोर दिया।
मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने बताया कि बजट सत्र 2016-17 में 63 करोड़ 82 लाख रूपये पीओएच डब्बा निर्माण के लिए आवंटित होने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेल प्रशासन बार-बार बहाने बनाकर काम से भाग रहा है।
रेल विस्तार एवं विकास मंच ने 22 सितंबर से रेल कारखाना पर अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। मंच ने सभी सामाजिक, राजनीतिक दलों, छात्र-नौजवान, मजदूर-किसान, व्यवसायी और बुद्धिजीवियों से इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

