
पटना, 17 जनवरी (पटना डेस्क) पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की सामान्य बैठकों में राजधानी की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला बड़ा फैसला लिया गया है। समिति ने 9 प्रमुख सड़कों और 5 पार्कों के नामकरण को मंजूरी देकर शहर के इतिहास, संस्कृति और समाजसेवा को नई पहचान दी है। बीते एक माह में हुई दो बैठकों में लिए गए इन फैसलों के बाद नगर निगम प्रशासन ने नामकरण से संबंधित सूचना डाक विभाग को भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

दीघा रोड पर घुरदौड़ से ज्ञान निकेतन गर्ल्स स्कूल तक की सड़क अब आचार्य किशोर कुणाल के नाम से जानी जाएगी। अशोक राजपथ स्थित नंद गोला मेन रोड पर डॉ. विजय कांत शर्मा के आवास से पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी श्रीराम कुमार के आवास तक का मार्ग पूर्व पार्षद श्रीराम कुमार पथ कहलाएगा। श्रीकृष्णापुरी पार्क मेन गेट से एलएफ फ्लैट पार्क तक की सड़क को न्यायमूर्ति इंदु प्रभा सिंह पथ नाम दिया गया है। 15 दिसंबर की बैठक में वार्ड 72 में अशोक राजपथ लिंक पथ से सहदरा चौड़ाहा तक की सड़क का नामकरण वरिष्ठ समाजसेवी नथुनी राम यादव के नाम पर किया गया। आशियाना दीघा रोड से आकाशवाणी रोड के बीच की सड़क मुंदर साह पथ बनी, जबकि कंकड़बाग के पूर्वी इंद्रानगर में सुधा देवी लेन रोड नंबर 1-ए का नाम पूर्वी इंद्रा नगर रखा गया।

राजेंद्र नगर रोड नंबर छह पर नेत्र अस्पताल से पं. रामलोचन पांडेय के घर तक का मार्ग डॉ. ब्रजकिशोर सिन्हा मार्ग कहलाएगा। एग्जीबिशन रोड-फ्रेजर रोड लिंक सड़क को पद्मभूषण डॉ. दुखन राम मार्ग नाम मिला। वार्ड 44 में केंद्रीय विद्यालय के पास बनी वाटिका और मार्ग को यदुनंदन प्रसाद मार्ग नाम दिया गया। पार्कों में भी नामकरण हुआ। पाटलिपुत्रा कॉलोनी का पार्क अटल पार्क, चितकोहरा का गुरु गोबिंद सिंह पार्क, न्यू पुनाईचक का भामा शाह पार्क और डाक्टर कॉलोनी का पार्क क्रांतिकारी चंद्रमा सिंह पार्क कहलाएगा। वहीं, राजेंद्र नगर रोड नंबर छह-बी स्थित पार्क को डॉ. शारदा सिन्हा–डॉ. ब्रजकिशोर सिन्हा उद्यान नाम दिया गया है।

