
पटना, 27 जनवरी (पटना डेस्क) पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के ग्रैंड शीला होटल के कमरा नंबर 103 में रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी अजय कुमार शर्मा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इंग्लैंड के बिजली विभाग के रिटायर्ड अधिकारी के रूप में हुई है।

अजय कुमार शर्मा 18 जनवरी से होटल में ठहरे हुए थे। होटल स्टाफ ने बताया कि वह रविवार को किसी काम से बाहर गए थे और शाम करीब 4:28 बजे लौटे। कमरे में लौटने के बाद उन्होंने कोई खाना ऑर्डर नहीं किया, केवल फल मंगवाए और रात में वाई-फाई संबंधी शिकायत रिसेप्शन से की।मंगलवार सुबह कमरे से कोई हलचल न होने पर होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद शर्मा को लेने आए ड्राइवर ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलने पर शव बरामद हुआ। सदर एएसपी अभिनव भी घटना स्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने होटल स्टाफ और मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज, एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में जबरन घुसपैठ या हाथापाई के संकेत नहीं मिले हैं। शव को पीएमसीएच पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।बताया गया है कि अजय कुमार शर्मा मूल रूप से नालंदा जिले के रहने वाले थे और लगभग 80 वर्ष के थे। वे हाल ही में भारत आए थे। जक्कनपुर पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम और तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी, फिलहाल मामले को संदिग्ध मौत मानकर गंभीर जांच जारी है।

