
पटना, 17 मार्च (अविनाश कुमार) बिहार की राजधानी पटना में अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार को पुलिस और बालू माफियाओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामला रानी तालाब थाना क्षेत्र के धनराज छपरा गांव का है, जहां छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर माफियाओं ने हमला बोल दिया।

प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और उसका परिवहन किया जा रहा है। इसी आधार पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी।जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद बालू माफिया और उनके समर्थक उग्र हो गए। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के लगातार हमलावर रवैये को देखते हुए आत्मरक्षा में कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

