पटना, 05 अक्टूबर (निज संवाददाता) राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को पथ निर्माण मंत्री एवं स्थानीय विधायक नितिन नवीन ने ₹25 करोड़ से अधिक की शहरी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में जलापूर्ति पाइपलाइन विस्तार, घर-घर कनेक्शन, उच्च प्रवाह बोरिंग, पीसीसी सड़क, भूगर्भ नाला और सामुदायिक भवन निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना और अन्य योजनाओं के तहत शुरू हुईं इन परियोजनाओं से 18 से अधिक वार्डों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रमुख परियोजनाओं में ₹17.46 करोड़ की लागत से जलापूर्ति पाइपलाइन विस्तार और ₹2.33 करोड़ की लागत से अदालतगंज नाला निर्माण शामिल हैं।

वार्ड 37, 28, 15, 16 और 17 में नाला, सड़क, सामुदायिक भवन और विद्यालय निर्माण की कई योजनाएं शुरू हुई हैं। साथ ही दयानन्द कन्या विद्यालय के पास ₹1.86 करोड़ की लागत से पार्क निर्माण की भी शुरुआत हुई।

इस अवसर पर मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार तेजी से आत्मनिर्भर और आधुनिक हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सभी योजनाएं जलजमाव से राहत, सुगम यातायात और स्वच्छ पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इन योजनाओं का स्वागत करते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

